ऊर्जा संरक्षण और हरित सहकार पर जोर, बैरसिया शाखा में सदस्यता महाअभियान की समीक्षा

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।।भोपाल को-ऑपरेटिव सेंट्रल बैंक लिमिटेड भोपाल की बैरसिया शाखा में म.प्र. राज्य सहकारी बैंक मर्यादित भोपाल के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान सहकारिता, ऊर्जा संरक्षण, सदस्यता महाअभियान तथा हरित सहकार अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रशासक श्री यादव ने वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “ईंधन बचाओ–ऊर्जा बचाओ” संदेश को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सहकारिता एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों से ऊर्जा संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही “वोकल फॉर लोकल” अभियान को बढ़ावा देते हुए स्थानीय उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया।
बैठक में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत बैंक मुख्यालय एवं पैक्स स्तर पर पौधरोपण के निर्धारित लक्ष्य समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। प्रशासक ने “हरित सहकार अभियान” को ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसे जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा घोषित “कृषक कल्याण वर्ष 2026” के तहत 14 अप्रैल से 30 जून 2026 तक चलाए जा रहे सदस्यता महाअभियान की समीक्षा भी की गई। श्री यादव ने अधिक से अधिक किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ने एवं निर्धारित समयावधि में अभियान के लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
भेंट के दौरान प्रशासक ने किसानों से ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था सहित अन्य विषयों पर संवाद किया। साथ ही बी-पैक्स संस्थाओं की वार्षिक आमसभा में चयनित सदस्य किसानों को सम्मानित किए जाने का सुझाव भी दिया।
इस अवसर पर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अभय प्रधान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी गीतेश लिल्होरे, विपणन अधिकारी निमेष शाही एवं शाखा प्रबंधक समीउल्लाह कुरैशी उपस्थित रहे।





