भारतीय किसान संघ ने उठाई किसानों की ज्वलंत समस्याएँ, गेहूं खरीदी की अंतिम तिथि 30 मई तक बढ़ाने की मांग

अखिल भारतीय किसान संघ अध्यक्ष का भोपाल दौरा
रिपोर्टर विनय पटेल
भोपाल, 20/05/ 2026
किसानों के हितों के लिए सतत संघर्षरत भारतीय किसान संघ मध्यभारत प्रान्त की महत्वपूर्ण बैठक आज प्रदेश कार्यालय भोपाल में संपन्न हुई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजना निर्धारित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री के. साई. रेड्डी रहे।
बैठक में प्रान्त के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा।बैठक में प्रान्त के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने गेहूं उपार्जन केंद्रों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं, स्लॉट बुकिंग बंद होने, तुलाई में देरी तथा किसानों को हो रही परेशानियों से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया। किसानों की समस्याओं को सुनने के बाद अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री के. साई. रेड्डी ने सरकार एवं प्रशासन के लापरवाहीपूर्ण रवैये पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के लिए परेशान होना पड़े, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े करती है। विशेष रूप से गेहूं उपार्जन व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं, स्लॉट बुकिंग में तकनीकी परेशानियों तथा किसानों को हो रही कठिनाइयों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। भारतीय किसान संघ ने सर्वसम्मति से मांग की कि सरकार गेहूं खरीदी हेतु स्लॉट बुकिंग पुनः प्रारंभ करे तथा खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 मई 2026 तक की जाए, जिससे तुलाई से वंचित किसानों को भी समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने का अवसर मिल सके।
बैठक में मूंग खरीदी के विषय को भी प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई। संघ ने स्पष्ट कहा कि यदि समय पर खरीदी व्यवस्था नहीं बनी तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
इसके साथ ही खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था में आ रही तकनीकी खामियों और किसानों की परेशानी पर भी चर्चा हुई। भारतीय किसान संघ ने सरकार से मांग की कि ई-टोकन व्यवस्था को सरल एवं पारदर्शी बनाकर किसानों को तत्काल राहत प्रदान की जाए।
बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रान्त संगठन मंत्री भरत पटेल सहित सम्पूर्ण प्रान्त कार्यकारिणी एवं प्रान्त में निवासरत प्रदेश अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता प्रान्त अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान ने की तथा विषय प्रस्तावना एवं चर्चा प्रान्त महामंत्री शिवनंदन रघुवंशी द्वारा रखी गई।
भारतीय किसान संघ ने पुनः स्पष्ट किया कि संगठन किसानों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है तथा किसानों की प्रत्येक समस्या को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाता रहेगा





