पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ

सेमरी खुर्द हनुमान मंदिर परिसर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया तहसील क्षेत्र के ग्राम सेमरी खुर्द बर्री प्लांट स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय पंचकुण्डात्मक रुद्र महायज्ञ, कलश स्थापना एवं माँ सरस्वती जी की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्णाहुति के साथ भव्य समापन हुआ। धार्मिक आयोजन में पूरे क्षेत्र से हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
महायज्ञ के समापन अवसर पर कुल पुरोहित पं. श्री रामचरण दुबे (ग्राम करारिया) एवं यज्ञाचार्य पं. रमेश कुमार शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 108 यजमानों से पूर्णाहुति संपन्न कराई। यजमानों ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की, वहीं अंतिम दिवस लगभग 5 से 7 हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद प्राप्त किया। पूरे ग्राम में ऐसा वातावरण निर्मित हो गया मानो भक्तिमय आस्था का स्वर्ग उतर आया हो।
इस अवसर पर पं. रामचरण दुबे एवं पं. रमेश कुमार शास्त्री महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि “रामनाम सभी मनोरथों को पूर्ण करने वाली कामधेनु गाय के समान है।” महायज्ञ समापन के बाद प्रसाद वितरण किया गया तथा कई श्रद्धालु यज्ञ परिसर में स्थापित कलशों को प्रसाद स्वरूप अपने घर ले गए।
पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रीराम संकीर्तन, भजन-कीर्तन एवं भंडारे का आयोजन चलता रहा, जिसमें हजारों भक्तों ने सहभागिता की।
इसी क्रम में श्रीमद्भागवत कथा वाचक बाल विदुषी रितिका नागर (ग्राम बकानिया) ने श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतिम दिवस ब्रज की होली लीला का भावपूर्ण वाचन किया। फूलों की होली, रंग-गुलाल एवं लठ्ठमार होली के सजीव मंचन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और कुछ समय के लिए पूरा पांडाल ब्रजधाम की होली में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में सनातन प्रेमी विनय सिंह पटेल एवं पंडित कैलाश नारायण बैरागी द्वारा सभी यजमानों एवं अतिथियों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के विनय सिंह पटेल, पंडित कैलाश नारायण बैरागी, गोरेल सिसोदिया, देवेंद्र सिंह मकवाणा, मनोज राजपूत, दशरथ सिंह राजपूत, राकेश साहू, मुकेश साहू सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





