Blog

बैरसिया दौरे पर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह सख्त फार्मर रजिस्ट्री, पराली प्रबंधन और बसई तालाब संरक्षण पर दिए कड़े निर्देश


रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।। कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को बैरसिया अनुभाग का विस्तृत दौरा कर प्रशासनिक और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी बैरसिया (एसडीएम) कार्यालय और तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों, जनहित योजनाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को स्पष्ट एवं समयबद्ध निर्देश दिए।

फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है। उन्होंने तहसीलदार दीपक चौरसिया को निर्देशित किया कि ग्राम-वार कार्ययोजना बनाकर पटवारियों को सक्रिय किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्य की शीघ्र शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसान पंजीयन शासन की विभिन्न योजनाओं का आधार है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।

पराली प्रबंधन पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश

रबी फसल की कटाई के बाद पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए कलेक्टर ने एसडीएम आशुतोष शर्मा एवं तहसीलदार दीपक चौरसिया को कृषि विभाग के साथ समन्वय कर गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है तथा मिट्टी की उर्वरक क्षमता प्रभावित होती है। किसानों को वैकल्पिक उपायों की जानकारी देकर उन्हें पराली न जलाने के लिए प्रेरित किया जाए।

सीएम हेल्पलाइन और राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर जोर

कलेक्टर ने सी एम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के संतोषजनक निराकरण पर विशेष बल दिया। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन से संबंधित प्रकरणों को समयसीमा में निपटाने के निर्देश देते हुए कहा कि बैरसिया तहसील का प्रदर्शन राज्य औसत से कम नहीं होना चाहिए। लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग कर जवाबदेही तय की जाए।

अमृत 2.0 और कायाकल्प योजना के कार्यों की समीक्षा

दौरे के दौरान कलेक्टर ने नगर पालिका बैरसिया के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि अमृत 2.0 एवं कायाकल्प योजना के तहत नगर में विभिन्न आधारभूत संरचना कार्य प्रगति पर हैं। कलेक्टर ने कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

बसई तालाब संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर फोकस

कलेक्टर ने बसई तालाब और उसके समीप स्थित माड़ा इमली क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तालाब की जलग्रहण क्षमता बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं। जलग्रहण क्षेत्र में यदि कहीं अतिक्रमण हो तो उसे तत्काल हटाया जाए, ताकि वर्षा ऋतु में तालाब अपनी पूर्ण क्षमता से जल संचय कर सके।
साथ ही माड़ा इमली क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण कर इसे विकसित हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया, ताकि यह क्षेत्र नागरिकों के लिए आकर्षण और सुविधा का केंद्र बन सके।

उपवन विकास कार्य की सराहना

दौरे के दौरान कलेक्टर ने एसडीएम कार्यालय के सामने विकसित एवं संधारित उपवन का भी निरीक्षण किया और अनुविभागीय अधिकारी आशुतोष शर्मा द्वारा किए गए इस कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास प्रशासनिक परिसरों को हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में प्रेरणादायक हैं।
यह दौरा प्रशासनिक कार्यों में गति लाने, पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने और जन-सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कलेक्टर ने स्पष्ट संकेत दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Articles

ADVERTISEMENT