Blog

38 वर्षों की समर्पित सेवा के बाद शंकर लाल साहू हुए सेवानिवृत्त, सम्मान समारोह में छलका स्नेह

रिपोर्टर विनय पटेल

बैरसिया।। जनपद पंचायत बैरसिया के वरिष्ठ लेखापाल (बड़े बाबू) शंकर लाल साहू 30 अप्रैल 2026 को 38 वर्षों की दीर्घ और सफल सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने 20 अप्रैल 1988 को अपनी सेवाओं की शुरुआत की थी और पूरे कार्यकाल में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया।
अपने सेवा काल के दौरान श्री साहू ने लगभग 25 वर्षों तक पशु एवं किसान मेला तरावलीकला में मेला प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें कई बार सम्मानित भी किया गया। उनकी कार्यशैली से जनप्रतिनिधि और अधिकारी सदैव संतुष्ट रहे। शासन की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उनके योगदान को उच्च अधिकारियों ने भी सराहा।
श्री साहू अपने व्यवहार और कार्यकुशलता के कारण सभी के प्रिय रहे। पंचायत एवं अन्य निर्वाचन कार्यों को उन्होंने वरिष्ठ कार्यालयों के निर्देशानुसार सफलतापूर्वक संपन्न कराया। उन्हें सौंपे गए हर कार्य को उन्होंने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया, जिसके चलते वे अधिकारियों के विश्वासपात्र बने रहे।
विशेष बात यह रही कि अपने 38 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने दो वर्ष एसडीएम कार्यालय, छह माह जिला पंचायत भोपाल तथा चार माह जनपद पंचायत फंदा में भी सेवाएं दीं। जनपद पंचायत बैरसिया में वे लंबे समय तक एकमात्र मूल कर्मचारी के रूप में कार्यरत रहे। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद अब यहां कोई मूल कर्मचारी शेष नहीं है।
उन्होंने इंदिरा आवास योजना, पंचायत शाखा, निर्माण शाखा, स्थापना, लेखा, निर्वाचन, ऑडिट और जनपद बैठकों जैसे महत्वपूर्ण विभागों में उल्लेखनीय कार्य किया। क्षेत्र के हितग्राहियों और जनप्रतिनिधियों को उनसे कभी कोई शिकायत नहीं रही। समय पर उपलब्ध रहना और सहज व्यवहार उनकी कार्यशैली की पहचान रही।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर जनपद पंचायत बैरसिया के सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के अधिकारी, कर्मचारी और नगर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की।

Related Articles

ADVERTISEMENT