Blog

बैरसिया में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 1357 हितग्राहियों को मिली स्वीकृति, पहली किस्त खाते में जमा


रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।। नगर पालिका परिषद बैरसिया द्वारा बुधवार को बाल बिहार परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के बीएलसी घटक अंतर्गत 1357 पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान निर्माण हेतु स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रत्येक हितग्राही के खाते में प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपए की राशि सीधे हस्तांतरित की गई।
नगर पालिका परिषद द्वारा इससे पूर्व भी 121 पात्र हितग्राहियों को एक करोड़ 21 लाख रुपए की राशि उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे,पूर्व विधायक भक्तपाल सिंह राठौड़ कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामकुंवर नौरंग गुर्जर उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट एवं भाजपा जिला ग्रामीण उपाध्यक्ष श्रीमती जया साहू विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थीं।
“हर जरूरतमंद को मिलेगा पक्का मकान” – तनुश्री कुलदीप सिंह राठौड़
नगर पालिका परिषद बैरसिया की अध्यक्ष श्रीमती तनुश्री कुलदीप सिंह राठौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान हर व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है, जिनमें मकान सबसे महत्वपूर्ण है क्योंकि यह परिवार को सुरक्षा और सम्मान देता है। उन्होंने कहा कि बैरसिया के 18 वार्डों में कोई भी पात्र हितग्राही योजना से वंचित न रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक 1478 हितग्राहियों के प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराए जा चुके हैं और भविष्य में एक हजार और पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने हितग्राहियों से अपील की कि वे गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से अपने आवास का निर्माण पूर्ण करें।
“डबल इंजन सरकार का लक्ष्य—हर गरीब को अपना घर” – विधायक विष्णु खत्री
क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर गरीब परिवार के सिर पर पक्का छत हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में लाखों परिवारों का घर का सपना साकार हुआ है और बैरसिया भी इस अभियान में पीछे नहीं है।
विधायक ने कहा कि यह योजना केवल मकान नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षित भविष्य देने का माध्यम है। उन्होंने नगर पालिका की टीम की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाना सराहनीय कार्य है।
जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजमल गुप्ता, माखन लाल सर्राफ, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष हरि कुशवाह, पूर्व उपाध्यक्ष बलराम रत्नाकर, सभी पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेन्द्र सक्सेना, राजस्व निरीक्षक जाहिद अली, स्वच्छता निरीक्षक संजीव गुप्ता सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में हितग्राहियों के चेहरों पर अपने पक्के घर के सपने को साकार होते देखने की खुशी साफ झलक रही थी। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बैरसिया में आवासहीन परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की ओर एक मजबूत कदम मिला है।

Related Articles

ADVERTISEMENT