किसानों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ का विशाल आंदोलन

गुरुकुल कॉलेज के पास प्रशासन ने रोका, ज्ञापन सौंपने के बाद लौटे किसान
रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को मांग के अनुसार खाद उपलब्ध कराने, खाद की कालाबाज़ारी पर रोक लगाने तथा कृषि पम्पों को प्रतिदिन 10 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति जैसी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने मंगलवार को तहसील कार्यालय के बाहर धरना–प्रदर्शन किया।किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं मानी गईं तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद 200 ट्रैक्टरों के साथ 1500 किसान ट्रैक्टर–ट्रॉलियों के साथ राजधानी भोपाल के लिए कूच कर गए।गुरुकुल कॉलेज के पास पहुंचते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं एसडीएम आशुतोष शर्मा ने किसानों को रोककर उनकी समस्याएँ सुनीं। किसान नेताओं ने बताया कि वर्षों से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों और अधिकारियों का स्थानांतरण शासन के नियम अनुसार होना चाहिए, मगर संबंधित विभाग लापरवाही बरत रहा है।
किसानों ने एसडीएम को अपनी 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने किसानों की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए भरोसा दिलाया कि तहसील स्तर पर आवश्यक कार्रवाई तत्काल की जाएगी और भोपाल कलेक्टर को भी इस संबंध में अवगत कराया जाएगा। इसी दौरान कलेक्टर ने फोन पर किसान संघ के जिला अध्यक्ष गिरवर सिंह राजपूत से बात कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
आश्वासन मिलने के बाद किसान शांतिपूर्वक वापस बैरसिया लौट आए।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष गिरवर सिंह राजपूत, प्रांतीय सदस्य कैलाश सिंह ठाकुर, संगठन मंत्री भरत पटेल, मध्य भारत प्रांत प्रचार–प्रसार प्रमुख राहुल दूत, मीडिया प्रभारी विनय सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।





