रेलवे साइडिंग में चोरी का मास्टरमाइंड दीपक साहू उर्फ पप्पू गिरफ्तार! सालों से चल रहा लोहे का खेल पसान पुलिस ने किया बेनक़ाब

लाइव भारत 36 न्यूज़ से यशपाल सिंह की रिपोर्ट
जिला कोरबा (पसान)।थाना पसान क्षेत्र अंतर्गत रेलवे साइडिंग चैनिज नंबर 96, तेलियामार स्थित कंस्ट्रक्शन एरिया में लंबे समय से चल रही लोहे की चोरी का बड़ा खुलासा पसान पुलिस ने किया है। इस संगठित चोरी के खेल का मुख्य चेहरा दीपक कुमार साहू उर्फ पप्पू सामने आया है, जिसे पुलिस ने अपने साथी नरेश तिर्की के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दिनांक 04–05 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात 22 नग लोहे की सेंटरिंग प्लेट चोरी होने की घटना के बाद मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई। प्रार्थी शैलेस कुमार यादव की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 31/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस कायम कर जांच शुरू की गई। लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं श्री नितिश ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कटघोरा श्री विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में थाना प्रभारी पसान श्री चन्द्रपाल खाण्डे की टीम ने जब आरोपियों को पकड़ा तो परत-दर-परत राज खुलते चले गए। पूछताछ में सामने आया कि दीपक साहू उर्फ पप्पू और नरेश तिर्की रेलवे साइडिंग से चोरी की गई सेंटरिंग प्लेट को पेण्ड्रा निवासी कबाड़ी ताहिर अंसारी को बेचते थे।
गिरफ्तार आरोपी दीपक कुमार साहू उर्फ पप्पू, उम्र 33 वर्ष निवासी पसान, और नरेश तिर्की, उम्र 35 वर्ष निवासी तेलियामार, को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले से जुड़े कई और नाम जल्द सामने आ सकते हैं और रेलवे साइडिंग से जुड़ी पुरानी चोरियों की फाइलें अब खुलने वाली हैं।
पुलिस ने कबाड़ी के यार्ड से चोरी की गई लोहे की सेंटरिंग प्लेट और बिक्री की रकम ₹7,300 जब्त की। इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया कि रेलवे साइडिंग में हो रही चोरियां कोई इत्तफाक नहीं थीं, बल्कि एक सुनियोजित और लंबे समय से चल रहा खेल था।
पसान पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से इलाके में चोरी के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है और साफ संदेश चला गया है कि अब कानून के हाथ लंबे हैं।




