Blog

मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई: आम की लकड़ी से भरा अवैध ट्रक वन विभाग ने किया जब्त


रिपोर्टर विनय पटेल

बैरसिया।। वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से परिवहन की जा रही आम की लकड़ी से भरे एक ट्रक को जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है। ट्रक चालक के पास लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर उसके खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी बैरसिया संजय सिंह राजपूत ने बताया कि 4 जून 2026 की रात्रि लगभग 2 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम पिपलिया हसनाबाद में आम की लकड़ियों से भरा एक ट्रक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम का गठन कर तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि ट्रक क्रमांक MH-40 CM-5882 आम की लकड़ियों से भरा हुआ था और उसे कहीं ले जाने की तैयारी की जा रही थी। जांच के दौरान ट्रक चालक शाहरुख खान पुत्र वाहिद खान, निवासी केशूखेड़ी से लकड़ी परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका।
दस्तावेजों के अभाव में वन विभाग ने चालक के विरुद्ध अवैध परिवहन का मामला दर्ज करते हुए आम की लकड़ी से भरे ट्रक को जब्त कर लिया। वन विभाग द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।
टीम की तत्परता से सफल हुई कार्रवाई
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय सिंह राजपूत, परिक्षेत्र सहायक रूप सिंह उइके (बड़ली), डोगर सिंह चौहान (बैरसिया), वन रक्षक सोमवीर सिंह, अमित सांगवान एवं राजकुमार शुक्ला की सराहनीय भूमिका रही। विभागीय अधिकारियों ने टीम की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की है।

Related Articles

ADVERTISEMENT