छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

शिक्षा विभाग के समस्त पदों पर शीघ्र हो पदोन्नति – ब्लॉक संयोजक नंदकिशोर पटेल

बरमकेला/सारंगढ़।

लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर द्वारा शिक्षा विभाग अंतर्गत शिक्षक संवर्ग (शिक्षक, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला, प्रधान पाठक माध्यमिक शाला एवं व्याख्याता) के संबंध में जिला स्तर पर वरिष्ठता सूची, रिक्त पदों तथा पदोन्नति संबंधी जानकारी निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करने के जारी निर्देश का कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों ने स्वागत किया है।

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन बरमकेला के ब्लॉक संयोजक एवं शिक्षक नेता नंदकिशोर पटेल ने कहा कि शिक्षा विभाग में लंबे समय से विभिन्न पदों पर पदोन्नति लंबित रहने के कारण शिक्षकों एवं कर्मचारियों में निराशा का वातावरण बना हुआ था। अब लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी निर्देश से शिक्षकों को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संभागीय संयुक्त संचालकों को 31 मई 2026 की स्थिति में रिक्त पदों, वरिष्ठता सूची तथा अन्य आवश्यक जानकारी निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह प्रक्रिया वर्षों से लंबित पदोन्नति को गति प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

नंदकिशोर पटेल ने बताया कि विभागीय पत्र में जिला कार्यालय, विकासखंड कार्यालय एवं विद्यालयों में रिक्त पदों की जानकारी, संवर्गवार एवं विषयवार पदों का विवरण, 01 अप्रैल 2025 की स्थिति में रिक्तियों की सूची, पदोन्नति एवं सीधी भर्ती के अनुपात अनुसार जानकारी सहित सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने कहा गया है। साथ ही पदोन्नति की रिक्तियों को 30 जून 2026 तक हर संभव स्थिति में पूर्ण करने हेतु विशेष ध्यान देने का निर्देश भी जारी किया गया है।

उन्होंने राज्य शासन एवं लोक शिक्षण संचालनालय से मांग करते हुए कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखकर समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनका वैधानिक अधिकार प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि पदोन्नति होने से विभागीय कार्यों में दक्षता बढ़ेगी तथा शिक्षकों का मनोबल भी ऊंचा होगा, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा।

शिक्षक नेता नंदकिशोर पटेल ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार आवश्यक जानकारी समय पर प्रेषित करें, जिससे पदोन्नति प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि यह प्रक्रिया पारदर्शिता एवं समय सीमा के भीतर पूर्ण होती है तो प्रदेश के हजारों शिक्षकों एवं कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।


जारीकर्ता :

नंदकिशोर पटेल
ब्लॉक संयोजक, छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन बरमकेला
जिला संयोजक, छत्तीसगढ़ कैशलेस मेडिकल सेवा कल्याण संघ सारंगढ़
शिक्षक नेता

Related Articles

ADVERTISEMENT