Blog

भारतीय किसान संघ ने उठाई भोपाल के किसानों की आवाज; उपज खरीदी और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर खड़े किए सवाल

रिपोर्टर विनय पटेल
भोपाल/ बैरसिया। भारतीय किसान संघ, जिला भोपाल ने गुरुवार को जिला प्रशासन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की कार्यशैली पर गहरा रोष व्यक्त किया है। संघ ने बैरसिया क्षेत्र के किसानों के साथ हो रहे अन्याय को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र जारी किया है, जिसमें विभाग की लापरवाही और किसानों पर की जा रही दंडात्मक कार्रवाई को तुरंत रोकने की मांग की गई है। संघ ने बताया कि बैरसिया के किसानों ने अपनी फसल की सुरक्षा के लिए उसे समीप के ‘भागवती वेयर हाउस (यूनिट-2)’ में सुरक्षित रखा था। प्रशासन द्वारा किसानों को सहायता देने के बजाय, उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है, जो पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है। संघ ने मांग की है कि इस कार्रवाई को तत्काल निरस्त कर सुचारू उपार्जन सुनिश्चित करे। विभाग द्वारा उपार्जन की तिथि को बार-बार (पहले 1 अप्रैल, फिर 10 अप्रैल) आगे बढ़ाने से किसानों में असुरक्षा और भय का माहौल है। खराब मौसम, आगजनी और ओलावृष्टि की आशंका के बीच किसान अपनी मेहनत की फसल को लेकर चिंतित हैं।
संघ का आरोप है कि विभाग युद्ध (अमेरिका-इजरायल एवं ईरान) जैसे अंतरराष्ट्रीय कारणों का हवाला देकर बारदाने की व्यवस्था में देरी कर रहा है, जबकि यह तैयारी दो माह पूर्व ही पूरी हो जानी चाहिए थी। प्रतिवर्ष फसल के अनुमानित उत्पादन की जानकारी होने के बावजूद, समय पर उपार्जन की व्यवस्था न करना विभाग की बड़ी विफलता है। इससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
भारतीय किसान संघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि किसानों के विरुद्ध की जा रही दंडात्मक कार्रवाई को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए और उनकी फसल उपार्जन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ, तो संघ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। हालांकि कलेक्टर ने किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल से बातचीत करने के उपरान्त समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। इस मौके पर पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष एवं प्रांतीय सदस्य कैलाश सिंह ठाकुर, जिला अध्यक्ष गिरवर सिंह राजपूत जिला मंत्री देवेंद्र सिंह दांगी जिलासह मंत्री राजेंद्र सिंह ठाकुर नजीराबाद तहसील अध्यक्ष लोकेंद्र सोलंकी बैरसिया तहसील अध्यक्ष शैतान सिंह राजपूत सहित अनेक लोग मौजूद थे

Related Articles

ADVERTISEMENT