Blog

बैरसिया में फिर पकड़ा गया लकड़ी से भरा ट्रक, वन विभाग की सख्ती जारी


रिपोर्टर विनय पटेल
, बैरसिया।।वन परिक्षेत्र बैरसिया में लकड़ी तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वन विभाग की लगातार कार्रवाई के बावजूद तस्कर सक्रिय बने हुए हैं। इसी कड़ी में 27-28 मार्च 2026 की दरमियानी रात वन विभाग की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ियों से भरा ट्रक पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MP 13 ZD 7003 शमशाबाद कढ़ैया से लकड़ी भरकर भोपाल की ओर जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने हिनौती सड़क पर घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। जांच के दौरान ट्रक में काला बबूल, पलास एवं गुरार की लकड़ी भरी पाई गई।
ट्रक चालक शाहरुख खान (पुत्र शौकिन खान), निवासी ग्राम पिपलिया हसनाबाद, तहसील बैरसिया से पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने ट्रक जब्त कर चालक के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41, 12 के तहत अवैध परिवहन का मामला दर्ज किया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम गठित कर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 3 मार्च 2026 को ट्रक क्रमांक MP 04 GB 2499 को पकड़ा गया था, जिसे भी पिपलिया हसनाबाद का चालक चला रहा था। वहीं 15 जनवरी 2026 को पकड़े गए एक अन्य ट्रक का चालक भी इसी गांव का निवासी था। लगातार सामने आ रहे इन मामलों से एक ही गांव के चालकों की संलिप्तता सामने आ रही है।
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र सहायक हर्राखेड़ा नवी लाल पटेल, वन परिक्षेत्र सहायक बैरसिया डोगर सिंह चौहान, वन रक्षक राजेश संतबाए, अमित संगवान, महेंद्र साहू, पंकज रावत एवं राजकुमार शुक्ला की सराहनीय भूमिका रही।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लकड़ी माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जाए, ताकि वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

ADVERTISEMENT