Blog

बैरसिया में शांति समिति की अहम बैठक: होली, रंग पंचमी, गुड़ी एवं ईद पर सुरक्षा-स्वच्छता के पुख्ता इंतज़ाम के निर्देश


रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।। आगामी होली, रंग पंचमी, गुड़ी एवं ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाने के उद्देश्य से शनिवार को तहसील मीटिंग हॉल में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम बैरसिया आशुतोष शर्मा ने की।बैठक में एसडीओपी वैशाली कराहरिया तहसीलदार दीपक चौरसिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम श्री शर्मा ने सभी नागरिकों से अपील की कि त्योहारों को आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता के साथ मनाया जाए तथा प्रशासन का सहयोग किया जाए।
बैठक में नगर की व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने एवं शहर में व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वन परिक्षेत्र अधिकारी को होली दहन हेतु लकड़ी की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। रंग पंचमी के जुलूस मार्ग को दुरुस्त करने के लिए एसडीओ पीडब्ल्यूडी को गड्ढों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए।स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी को रंग पंचमी जुलूस के साथ एम्बुलेंस एवं प्राथमिक उपचार दल तैनात रखने को कहा गया। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी बैरसिया को चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में पूर्व नपा अध्यक्ष राजमल गुप्ता, हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष श्याम साहू, शहर काजी उमर अहमद, वरिष्ठ समाजसेवी दीपक दुबे, भगवान दास वियाणी, रमेश साहू सहित बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य संदेश स्पष्ट रहा—त्योहार उत्साह और उमंग के साथ मनाएं, लेकिन कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव का पूरा ध्यान रखें।

Related Articles

ADVERTISEMENT