गोदा दास मंदिर, दुर्गा चौक बैरसिया में हुआ भव्य अन्नकूट उत्सव

भगवान कृष्ण को अर्पित किए गए 56 भोग
रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया। दुर्गा चौक बैरसिया में स्थित गोदा दास मंदिर में अन्नकूट महोत्सव बड़े धूम-धाम और श्रद्धाभाव के साथ आयोजित किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के पुजारी जितेन्द्र शर्मा द्वारा विशेष विधान से भगवान कृष्ण का अभिषेक किया गया। इसके बाद छप्पन भोग की आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसमें मिठाइयों, फल-फूल, नमकीन व्यंजनों और विभिन्न प्रकार के प्रसाद शामिल थे। श्रद्धालुओं ने छप्पन भोग के दर्शन कर मनोकामना पूर्ण होने की कामना की।
अन्नकूट कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिसमें भक्तों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। आयोजन समिति ने बताया कि यह कार्यक्रम हर वर्ष की तरह इस बार भी भक्तों की सहभागिता से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया।बड़ी संख्या में भक्त जन मौजूद थे।





