किसानों के ट्रैक्टरों की धमक से गूंजा लैंड पुलिंग एक्ट का मुद्दा, वल्लभ भवन की हिली दीवारें

अनावश्यक टकराव बढ़ा रहे मुख्यमंत्री


तीन हजार ट्रैक्टर सड़कों पर उतार किसान संघ ने दिखाई ताकत
प्रधानमंत्री किसानों के लिए लड़ रहे हैं और मुख्यमंत्री किसानों से लड़ रहे हैं- मोहिनी मोहन मिश्र
संवाद, सहयोग, समझौता से समस्या का समाधान हो- मोहिनी मोहन मिश्र
रिपोर्टर विनय पटेल
उज्जैन/भोपाल 16 सितंबर। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में बाबा की कृपा किसान पुत्रों पर जमकर बरसी। मंगलवार का दिन प्रदेश में सरकार के खिलाफ बड़े किसान आंदोलन में दर्ज हो गया। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में लैंड पुलिंग एक्ट के कारण प्रभावित सत्रह गांवों के किसानों के अलावा जिले भर से हजारों किसान अपने कृषि यंत्र ट्रैक्टरों के साथ भारी संख्या में कलेक्ट्रेट रैली के स्वरूप में पहुंचे और लैंड पुलिंग एक्ट के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर सरकार के प्रति अपने गुस्से को जाहिर किया। इससे पूर्ण सामाजिक न्याय परिसर में आयोजित किसानों की सभा को संबोधित करते हुए किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने रोष भरे अंदाज में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के किसानों के हितों की रक्षा के लिए विदेशी ताकतों से लड़ रहे हैं और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री किसानों से लड़ रहे हैं। सरकारी तंत्र का दुरूपयोग करते हुए किसानों से जबरदस्ती उनकी जमीन छीनने की कोशिश करना गलत है। श्री मिश्र ने कहा कि लैंड पुलिंग एक्ट के माध्यम से किसानों को डराया धमकाया जा रहा है। आधी रात में किसानों को जेल में डालना जघन्य अपराध है। भारतीय किसान संघ और प्रदेश का एक एक किसान उज्जैन के किसानों के साथ है। उन्होंने कहा कि किसानों को न खाद मिल रही न खेती की जरूरतें सरकार किसानों को उपलब्ध करा पा रही है उल्टे किसानों के प्रति दमनात्मक रवैया अपनाकर किसानों को भयभीत कर रही है। सरकार किसानों के लिए कोई कायदा कानून लाती है तो कम से कम किसान से तो चर्चा कर लें। संवाद, सहयोग व समझौता से समस्याओ का समाधान होता है। प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना, क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पटेल ने भी किसान सभा में सरकार को जमकर लताड़ लगाई।
किसानों में दिखा सरकार के प्रति भारी गुस्सा
ट्रैक्टर रैली में ट्रेक्टर लेकर पहुंचे किसानों की सिर्फ एक ही मांग थी कि लैंड पुलिंग एक्ट वापिस ले सरकार। किसानों के तेवरों व भरी गर्मी में नारेबाजी के स्वर से लग रहा था कि किसान सरकार के प्रति भारी आक्रोश में है। किसान नारे लगा रहे थे कि जान ले लो लेकिन जमीन नहीं देंगे।
अपना भोजन पानी साथ लेकर परिवार सहित पहुंचे किसान
पचास पचास किलोमीटर दूर के गांवों से पहुंचे किसानो ने बताया कि हम सुबह 8 बजे से खाना बनाकर व अपना लेकर आए हैं। खेती किसानी के काम के लिए नौकर घर पर छोड़ दिए हैं। जमीन बचाने की जंग में कुछ किसानों का पूरा परिवार बच्चों समेत आए।
जमीन हमारी मां है अंतिम सांस तक लड़ेंगे
ट्रैक्टर रैली में शामिल होने पहुंचे किसानों का कहना है कि जमीन हमारी मां है, किसान का भरण पोषण, पालन इसी से होता है। जमीन में हमारी जान वसती है। कुछ किसान तो जमीन जाने के भय से रो भी पड़े। बुजुर्ग किसान ने बताया कि खेत हमारे परिवार की संपत्ति होती है जिसे हम पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाते हैं जिसे छीनकर सरकार हमारे वंश को समाप्त करने आमादा है।
सिंहस्थ में सहयोग करने किसान तैयार
किसानों ने बताया कि किसान सैकड़ों वर्षों से सिंहस्थ में सहयोग करता आया है और अभी भी तैयार है। लेकिन सरकार हमारी जमीनें बिना मुआवजा के अधिग्रहित करना चाहती है और वापिस भी नहीं करेगी। साथ ही स्थाई निर्माण कर उपजाऊ खेतों को बर्बाद करना चाहती है। हमारा कहना है कि सिंहस्थ आयोजन के बाद सरकार हमारी जमीनें हमें वापिस कर दे। लेकिन सरकार तैयार नहीं है और स्थाई निर्माण करने पर अड़ी है।
कलेक्ट्रेट जाकर सौंपा ज्ञापन
प्रदेश व्यापी आंदोलन व ज्ञापन कार्यक्रम के तहत किसानों की विभिन्न समस्याओं व मांगो के ज्ञापन अतिरिक्त कलेक्टर को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व कलेक्टर के नाम पर सौंपे। इसके साथ ही ज्ञापन की प्रमुख मांग लैंड पुलिंग एक्ट को तत्काल वापिस लेने की बात कही।
ये रहे उपस्थित
लैंड पुलिंग एक्ट के खिलाफ किसानों की विशाल ट्रैक्टर रैली में प्रमुख रूप से भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल, क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना, प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पटेल, प्रांत महामंत्री रमेश दांगी, प्रांत संगठन मंत्री अतुल माहेश्वरी, प्रांत सह संगठन मंत्री दिनेश जी, प्रांत मंत्री भारत सिंह बैंस, सहित जिले के अध्यक्ष, तहसीलों के अध्यक्ष व हजारों की संख्या में किसानों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
राघवेन्द्र सिंह पटेल
अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख
भारतीय किसान संघ
9425357127