Blog

बैरसिया: शादी के नाम पर ठगी करने वाली ‘लुटेरी दुल्हन’ और उसकी साथी गिरफ्तार भेजा जेल

बैरसिया (भोपाल)। बैरसिया पुलिस ने शादी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाली एक शातिर ‘लुटेरी दुल्हन’ और उसकी सहयोगी महिला को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने एक युवक को जाल में फंसाकर गहने और नकदी ऐंठी और शादी के चंद घंटों बाद ही फरार हो गई थीं।

​क्या है पूरा मामला?
​ग्राम मेगरा कलां निवासी दशरथ सिंह बघेल ने पुलिस को बताया कि गोपाल सिंह मीणा नामक व्यक्ति ने उसे शादी का झांसा दिया। बीती 26 जनवरी को योजनाबद्ध तरीके से उसे एक लड़की दिखाई गई, जिसका नाम ‘शिवानी’ (फर्जी नाम) बताया गया। सौदा तय होने के बाद 29 जनवरी को गोपाल और उसके साथी लड़की को लेकर दशरथ के घर पहुंचे। दशरथ ने लड़की को सोने-चांदी के जेवर पहनाए और तय रकम आरोपियों को दे दी।

​अस्पताल जाने के बहाने हुई फरार
​ठगों के जाते ही दुल्हन ने पेट दर्द का बहाना बनाया। जैसे ही दशरथ उसे अस्पताल ले गया, वहां पहले से घात लगाए बैठे साथियों के साथ वह बाइक पर फरार हो गई। जब दशरथ ने इनका पीछा किया, तो आरोपियों ने असली नाम ‘पप्पी जाटव’ बताते हुए उसे रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और और पैसों की मांग की।

​पुलिस की कार्रवाई
​थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सेन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर पप्पी जाटव (21) और उसकी साथी रोशनी जाटव (22) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।

​इनकी रही मुख्य भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सेन, उपनिरीक्षक आर.सी. मीणा, प्रियांशी कौरव और आरक्षक अजय गुर्जर समेत पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

ADVERTISEMENT