कोरबाछत्तीसगढ़

हरदीबाजार ग्राम पंचायत में गहराया भीषण जल संकट  ,20 टैंकर के आदेश के बावजूद सिर्फ 5–7 टैंकर, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

✍️ मोहन चौहान
संवाददाता – लाइव भारत 36 न्यूज़

हरदीबाजार (कोरबा)।
ग्राम पंचायत हरदीबाजार में पेयजल संकट दिन-ब-दिन भयावह रूप लेता जा रहा है। शासन द्वारा प्रतिदिन 20 टैंकर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश के बावजूद, संबंधित ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए नियमित जल आपूर्ति नहीं की जा रही है। इसका सीधा असर ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्राम पंचायत हरदीबाजार द्वारा अधीक्षण अभियंता (पीएचई विभाग) को भेजे गए शिकायती पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि ठेकेदार द्वारा औसतन केवल 5 से 7 टैंकर पानी ही भेजा जा रहा है, जबकि कई दिनों तक पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी जाती है। इस घोर लापरवाही के कारण गांव में जल संकट और भी गहराता जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चल रही खनन गतिविधियों और भारी ब्लास्टिंग के चलते गांव के प्राकृतिक जल स्रोत पूरी तरह प्रभावित हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में टैंकर से होने वाली पानी की आपूर्ति ही एकमात्र सहारा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही ने इस व्यवस्था को भी मजाक बनाकर रख दिया है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार के प्रतिनिधियों से बार-बार संपर्क करने के बावजूद न तो कोई संतोषजनक जवाब मिलता है और न ही स्थिति में सुधार देखने को मिल रहा है।

ग्राम पंचायत हरदीबाजार ने प्रशासन से कड़े शब्दों में मांग की है कि इस गंभीर जनहित के मामले को तत्काल संज्ञान में लिया जाए, संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गांव में प्रतिदिन 20 टैंकर पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को इस भीषण जल संकट से राहत मिल सके।

अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाता है और हरदीबाजार के ग्रामीणों को कब इस जल त्रासदी से निजात मिलती है।

Related Articles

ADVERTISEMENT