पुलिस अधिकारियों के लिए ब्रह्माकुमारी द्वारा विशेष आध्यात्मिक सत्र

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शाखा बैरसिया में पुलिस अधिकारियों के लिए एक विशेष आध्यात्मिक एवं मेडिटेशन सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्वालियर से पधारी बीके ज्योति दीदी ने पुलिस अधिकारियों को आध्यात्मिक मूल्यों और जीवन में सकारात्मकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि आज के समय में मानव अपने कर्तव्यों को भूलता जा रहा है, जबकि सच्चा कर्तव्य है—अपने जीवन में दुआएं लेना और देना। उन्होंने बताया कि जब हम इस धरती पर आते हैं, तो संस्कार लेकर आते हैं और जब जाते हैं, तो इन्हीं संस्कारों के साथ जाते हैं। इसलिए हमें अपने जीवन में श्रेष्ठ कर्म और दिव्य गुणों को अपनाना चाहिए।
भोपाल से पधारी बीके मोनिका दीदी ने पुलिस अधिकारियों को मेडिटेशन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि तनाव और चिड़चिड़ापन से मुक्त होने के लिए मेडिटेशन एक प्रभावी उपाय है, जो मन को शांति और स्थिरता प्रदान करता है। उन्होंने सभी उपस्थित पुलिसकर्मियों को 5 मिनट का मेडिटेशन भी कराया, जिससे सभी को गहरी शांति का अनुभव हुआ।कार्यक्रम के अंत में बैरसिया से बीके शालू दीदी ने सभी अतिथियों और पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया, जबकि भोपाल से आए बीके महेंद्र भाई ने ब्रह्माकुमारी संस्था का संक्षिप्त परिचय दिया। इस आध्यात्मिक सत्र ने पुलिस अधिकारियों को आंतरिक शांति व सकारात्मकता की ओर प्रेरित किया।
