गणतंत्र दिवस पर शिक्षा, निर्वाचन एवं नवाचार के क्षेत्र में सतत योगदान हेतु जिला मास्टर ट्रेनर विकास रंजन सिंहा विशिष्ट सेवा प्रशस्ति पत्र से सम्मानित

रायगढ़।77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रायगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय गरिमामय समारोह में माध्यमिक शाला सरायपाली, विकास खंड तमनार में पदस्थ एवं जिला मास्टर ट्रेनर श्री विकास रंजन को शिक्षा, निर्वाचन एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन, सतत एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए विशिष्ट सेवा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।यह सम्मान समारोह रायगढ़ के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर प्रियंका वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के. राव, डीएमसी श्री आलोक सरकार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।विगत 15 वर्षों से दुरांचल क्षेत्र में सेवा दे रहे श्री विकास रंजन ने बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता, नियमित उपस्थिति, जीवन कौशल विकास तथा शिक्षा से समुदाय को जोड़ने हेतु निरंतर नवाचारपूर्ण प्रयास किए। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर आज विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं।शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने जिला निर्वाचन मास्टर ट्रेनर एवं जनगणना जिला मास्टर ट्रेनर के रूप में महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन किया। कोविड-19 महामारी के कठिन समय में राज्य एवं जिला स्तर पर ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन,शैक्षणिक निरंतरता बनाए रखने तथा प्रशासनिक सहयोग में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही, जिसके लिए उन्हें पूर्व में भी जिला स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत मास्टर ट्रेनर के रूप में शिक्षकों का प्रशिक्षण, बुनियादी शिक्षा को सुदृढ़ करने तथा निर्वाचन संबंधी विशेष कार्यों में उनकी सहभागिता को प्रशासन द्वारा सराहा गया। छत्तीसगढ़ रजत जयंती के अवसर पर गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदान किया गया यह विशिष्ट सेवा सम्मान उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं बहुआयामी सेवा का प्रतीक है।यह सम्मान न केवल श्री विकास रंजन की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि शिक्षा एवं प्रशासनिक सेवा से जुड़े सभी कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत भी है।






