हरदी बाजार में लो वोल्टेज और जल संकट गंभीर, जनपद सदस्य ने कलेक्टर से की त्वरित समाधान की मांग

संवादाता मोहन चौहान लाइव भारत 36 न्यूज
हरदी बाजार क्षेत्र में लगातार बनी हुई लो वोल्टेज की समस्या और गहराते जल संकट को लेकर क्षेत्रीय जनपद सदस्य सनीता अनिल टंडन ने जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से कलेक्टर को अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बिजली की अनियमित आपूर्ति और कम वोल्टेज के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
लो वोल्टेज की वजह से न केवल घरों में पंखे और कूलर ठीक से नहीं चल पा रहे हैं, बल्कि बोरवेल से पानी निकालना भी मुश्किल हो गया है। स्थिति यह है कि अधिकांश कुएं और तालाब सूख चुके हैं, जबकि बचे हुए जल स्रोतों का जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है।
जनपद सदस्य ने बताया कि क्षेत्र के पास स्थित खदानों के कारण जलस्तर पर गंभीर प्रभाव पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभागों और कंपनियों द्वारा जल आपूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जा रही है। जो पानी उपलब्ध कराया भी जा रहा है, उसमें भी पारदर्शिता की कमी है और वितरण में पक्षपात के आरोप लग रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी पानी और बिजली की समस्या के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस भीषण गर्मी में बिजली की कमी ने हालात और अधिक गंभीर बना दिए हैं।
सनीता अनिल टंडन ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन को अवगत करा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
अंत में उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि हरदी बाजार के गरीब मजदूरों, किसानों और स्थानीय निवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।



