जनगणना-2027: 30 अप्रैल तक घर बैठे ऑनलाइन भरें जानकारी

चार्ज अधिकारी तमनार ने स्वयं फॉर्म भरकर नागरिकों को किया प्रेरित
नागरिकों से डिजिटल प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता की अपील
रायगढ़, 19 अप्रैल 2026/जनगणना-2027 के अंतर्गत जिले में स्व-गणना की प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह प्रक्रिया 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित की जा रही है। इच्छुक नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/� के माध्यम से घर बैठे आसानी से स्व-गणना फॉर्म भर सकते हैं। चार्ज अधिकारी तमनार श्रीमती रिचा सिंह ने आज स्वयं स्व-गणना फॉर्म भरकर तमनार के नागरिकों को प्रेरित किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने परिवार एवं मकान से संबंधित सही एवं पूर्ण जानकारी ऑनलाइन दर्ज करें तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं एवं विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
नायब तहसीलदार श्रीमती रश्मि पटेल सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरा। चार्ज अधिकारी ने जानकारी दी कि स्व-गणना की सुविधा 30 अप्रैल 2026 तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। फॉर्म भरते समय जानकारी को अंतिम सबमिट करने से पहले संशोधित किया जा सकता है, किन्तु सबमिट करने के पश्चात उसमें कोई परिवर्तन संभव नहीं होगा। फॉर्म भरने के उपरांत प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। प्रगणक के घर आगमन के समय यह आईडी साझा करनी होगी, जिसके आधार पर दर्ज जानकारी का सत्यापन कर अंतिम रूप दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण के अंतर्गत 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल डेटा का सत्यापन करेंगे। यदि कोई नागरिक 30 अप्रैल तक स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो 1 मई से प्रगणक उनके घर पहुंचकर जानकारी संकलित करेंगे। डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय जांच व्यवस्था लागू की गई है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है।



