छत्तीसगढ़

समस्याओं के निराकरण नहीं होने पर वन कर्मचारी संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ जिला शाखा सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा 2 मार्च 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर वन कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गोमर्डा अभ्यारण क्षेत्र के टमटोरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अजीत दुबे, प्रांतीय पदाधिकारियों एवं जिला पदाधिकारियों की उपस्थिति में वन कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। कर्मचारियों ने वन मंडलाधिकारी पर उपेक्षा, अनावश्यक दबाव एवं तानाशाहीपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाते हुए संगठन से हस्तक्षेप की मांग की।

संघ ने बताया कि कर्मचारियों की बहुप्रतीक्षित मांगों के सेटअप पुनरीक्षण सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की समस्याओं को विभागीय स्तर पर गंभीरता से उठाया जाएगा।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया और कार्यशैली में आवश्यक सुधार नहीं हुआ, तो छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

संघ के जिला अध्यक्ष हीरालाल चौधरी ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि वन कर्मचारी विषम परिस्थितियों में कार्य करते हैं, ऐसे में उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार एवं न्यायसंगत समाधान आवश्यक है। संघ ने शासन-प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई है।

Related Articles

ADVERTISEMENT