आईएएस संतोष वर्मा के बयान पर ब्राह्मण समाज आक्रोशित

,
बैरसिया में पुतला दहन कर बर्खास्तगी की उठी मांग
रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।अजाक्स के प्रांतीय सम्मेलन में आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी किए जाने के बाद पूरे प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में रोष व्याप्त है। इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को सर्व ब्राह्मण परिषद, सर्व ब्राह्मण महिला परिषद तथा परशुराम सेना बैरसिया के संयुक्त नेतृत्व में विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
सर्व ब्राह्मण परिषद बैरसिया के अध्यक्ष जगदीश गुदेनिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग रेंज चौराहा से रैली निकालकर बस स्टैंड चौराहा पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने संतोष वर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। इसके पश्चात समाज के प्रतिनिधि तहसील कार्यालय पहुंचे, जहाँ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आईएएस संतोष वर्मा को बर्खास्त करने और कठोर कार्रवाई की मांग की गई।प्रदर्शन के बाद समाज के सैकड़ों लोग थाना बैरसिया पहुंचे और आरोप लगाया कि संतोष वर्मा के कथित बयान से प्रदेश की शांति व्यवस्था भंग हुई है तथा जनभावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की।ज्ञात हो कि 23 नवंबर 2025 को भोपाल में आयोजित अजाक्स के प्रांतीय सम्मेलन में पदभार ग्रहण करते समय आईएएस संतोष वर्मा द्वारा विवादित टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई थी। सोशल मीडिया पर बयान सामने आने के बाद से ही विभिन्न संगठनों ने इसकी कड़ी निंदा की है।
ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की है कि आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें शासकीय सेवा से बर्खास्त किया जाए। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर कठोर कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन की होगी।विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग, नगर के प्रबुद्धजन तथा मातृ शक्ति मौजूद थी





