मानव सेवा को समर्पित ‘नई राह समिति’ का सम्मान समारोह संपन्न

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया। दीपावली के अवसर पर गरीब एवं झुग्गी–झोपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों तक खाद्य सामग्री, कपड़े, जूते, बर्तन, पटाखे और बच्चों के वस्त्र पहुँचाने वाली नई राह शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों का सम्मान समारोह मातोश्री शांतिकुंज में आयोजित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री, विशेष अतिथि भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष तीरथ सिंह मीणा, भाजपा जिला ग्रामीण महामंत्री एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुबेर सिंह गुर्जर, एसडीएम आशुतोष शर्मा, एसबीआई शाखा प्रबंधक आशीष तिवारी तथा थाना प्रभारी वीरेंद्र सेन उपस्थित रहे। समिति द्वारा सभी सदस्यों और सहयोगियों का माल्यार्पण एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
दीपावली पर चलाए गए मानव सेवा अभियान में समिति के सदस्यों ने बैरसिया और आसपास की झुग्गी–बस्तियों में जाकर सैकड़ों परिवारों तक सामग्री पहुँचाई। इस कार्य में नगरवासियों ने भी सहयोग प्रदान किया।
मुख्य अतिथि विधायक विष्णु खत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। नई राह समिति ने दीपावली पर जिन घरों में मदद पहुँचाई, वहां केवल सामग्री नहीं—आशा और अपनापन पहुँचाया है। जिन लोगों तक आमतौर पर कोई नहीं जाता, उन तक आपकी टीम का पहुँचना वास्तव में बड़ी सेवा है।”
उन्होंने समिति की सराहना करते हुए स्वेच्छाअनुदान से 25 हजार रुपये की घोषणा की और आगे भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
विशेष अतिथियों ने भी समिति की सेवाभावी कार्यशैली और सदस्यों के समर्पण की सराहना की।
समिति के मार्गदर्शक एवं वरिष्ठ समाजसेवी दीपक दुबे ने संस्था के उद्देश्यों और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी।
उनके बाद समिति के मार्गदर्शक विवेक उपाध्याय ने मंच संभाला। उन्होंने कार्यक्रम का कुशल संचालन करते हुए बताया कि समिति मानव सेवा के क्षेत्र में हर उस स्थान तक पहुँचने का प्रयास कर रही है, जहाँ मदद की आवश्यकता सबसे अधिक होती है। उन्होंने सभी अतिथियों को जानकारी दी कि समिति सर्दियों में एक नई पहल के तहत 1000 कंबल वितरण अभियान शुरू कर रही है, जो फुटपाथों पर रहने वाले लोगों, अस्पतालों के बाहर ठंड में रात गुजारने वाले जरूरतमंदों और असहाय परिवारों के लिए समर्पित होगा।
समिति प्रमुख एवं पत्रकार आशीष शर्मा ने संस्था की कार्यशैली, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
समिति के मार्गदर्शक मनोज व्यास ने भी संस्था की भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार गण समिति के सदस्य तथा सहयोगी उपस्थित रहे




