बलौदा बाजार

जिले में खरीफ पूर्व कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ, कलेक्टर ने कृषि रथ को दिखायी हरी झंडी



लाइव भारत 36 न्यूज़ से बलौदबाजार से धीरेन्द्र साहू


बलौदाबाजार//29 मई 2025 – खरीफ फसलों की पूर्व तैयारी और किसानों को नवीन कृषि तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से बलौदाबाजार जिले में कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान का शुभारंभ गुरुवार को कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने कलेक्टोरेट परिसर से कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर किया।
    यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक जिले के 5 विकासखंडों के अंतर्गत 78 गांवों में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत गठित तीन टीमें प्रतिदिन छह गांवों में जाकर किसानों को खरीफ मौसम में वैज्ञानिक खेती की विधियों से अवगत कराएंगी।

उप संचालक कृषि श्री दीपक कुमार नायक ने बताया कि यह अभियान भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की संयुक्त पहल पर शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र भाटापारा, संबंधित सहकारी समितियाँ, पशुपालन, उद्यानिकी और मत्स्य विभाग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक शिविर में कम से कम 200 किसानों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

शिविरों में किसानों को मशरूम उत्पादन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि, कृषि ड्रोन प्रदर्शन, सिंचाई तकनीक (ड्रिप व स्प्रिंकलर), ईडिबल ऑयल सीड योजना, कतार बोनी, वैकल्पिक उर्वरक (SSP एवं NPK), फसल अपशिष्ट प्रबंधन, कृषि यंत्रों की जानकारी और मृदा स्वास्थ्य पत्रक के आधार पर उर्वरक उपयोग जैसी जानकारियाँ दी जाएंगी। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड हेतु आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।

अभियान का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य किसानों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं के आधार पर अनुसंधान की प्राथमिकताओं का निर्धारण करना भी है। इस प्रयास के माध्यम से जिला प्रशासन कृषि को अधिक लाभकारी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से उन्नत बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

Related Articles

ADVERTISEMENT