सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

रिपोर्टर विनय पटेल
बैरसिया।। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शनिवार को बैरसिया, नजीराबाद, लालरिया, और गुनगा डीसी के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और दुर्घटनाओं की रोकथाम के तरीकों से अवगत कराना था।प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने सुरक्षा उपकरणों के उपयोग पर मॉकड्रिल के माध्यम से प्रदर्शन किया और उन्हें सही तरीके से उपयोग करने की जानकारी दी। साथ ही, दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारियों को बताया गया कि आपातकालीन स्थितियों में कैसे सतर्कता और सुरक्षा मानकों का पालन कर जोखिम को कम किया जा सकता है।इस अवसर पर सहायक यंत्री हेमंत डेहरिया, बैरसिया डीसी के जेई रामेश्वर दांगी सहित अन्य कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लाइनमैन शिवप्रसाद कुशवाह, हेमंत सक्सेना, कुबेर सिंह, प्रीतम पाल, नारायण कुशवाह, ब्रजकिशोर और सुनील चौधरी ने सक्रिय भागीदारी की।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितों ने सुरक्षा उपकरणों के महत्व और उनके उचित उपयोग को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
